बड़ी खबर आ रही है बिजनौर से, जहाँ वजन कम कराने अस्पताल गए युवक का एक काउंटर से दूसरे काउंटर भागते-भागते ही 20 किलो वजन कम हो गया।
दरअसल, दिन भर लेटे- लेटे work from home करने के चलते युवक का वजन इतने बढ़ गया था कि पेट पर रखा उसका लैपटॉप उसके आई लाइन से भी ऊपर जाने लगा था। जिससे परेशान होकर वो डॉक्टर को दिखाने अस्पताल इस उम्मीद में पहुंचा की डॉक्टर उसे बॉलीवुड सेलिब्रिटीज वाली कोई गोली देगा जिससे झट से उसका वजन कम हो जाएगा। लेकिन अस्पताल के स्टाफ ने उसे इतने काउंटर से काउंटर चक्कर कटवाए कि उसका 20 किलो वजन कम हो गया।
युवक से बात करने गए फॉक्सी संवाददाता का भी इंटरव्यू के लिए उसके पीछे काउंटर से काउंटर भागते हुए 8 किलो वजन कम हो गया।
फिलहाल, अस्पताल वालों ने अस्पताल में ही वजन कम होने के चलते उसका, उससे भी मोटा बिल बना दिया है।




