फोन चलाते-चलाते पति ने टॉयलेट में लगा दिया इतना टाइम कि पत्नी ने लिखवा दी गुमशुदगी की रिपोर्ट

बड़ी खबर आ रही है गुड़गांव से जहाँ टॉयलेट में फोन चलाते-चलाते पति ने इतना समय लगा दिया कि पत्नी ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवा दी।

दरअसल, पति ने पत्नी को कहा कि वो कुछ सामान लेने बाहर जा रहा है, लेकिन बाहर जाने से पहले वो टॉयलेट चला गया। जहाँ फोन में स्क्रॉल करते हुए रील्स, मीम्स, न्यूज़ इत्यादि देखते-देखते उसे समय का पता ही नहीं चला। और तो और वो पत्नी के फोन भी काटता रहा ताकि स्क्रॉलिंग में डिस्टर्ब ना हो। ऐसे में पत्नी, जो उसके बाहर से आने का इंतज़ार कर रही थी, उसके घंटों न लौटने पर घबरा गई और सीधा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवा दी। जिसकी खबर भी पति को फोन पर न्यूज़ देख के मिली और वो टॉयलेट से बाहर आया।

फॉक्सी से बात करते हुए पति ने कहा, “वो तो अच्छा है कि मुझे इतना फोन चलाने की आदत है, वरना मुझे पता ही नहीं चलता कि मैं खो गया हूँ और मैं हफ्तों-महीनों तक खोया रहता।”

फिलहाल, पति पत्नी से इनाम की राशि मांग रहा है जो उसने अपने पति को ढूंढने वाले के लिए रखी थी।

हमारे सोशल मीडिया हैंडल को भी कुछ काम दें-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *