बड़ी खबर आ रही है ग्रेटर नोएडा से, जहां 100% प्लेसमेंट सुनकर इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन लेने वाले युवक को कॉलेज के पहले दिन पता चला कि कॉलेज से दिखने वाले खेत में ही सबकी नौकरी लगती है।
दरअसल, काउंसलिंग के समय कॉलेज ने 4th ईयर के सारे सीनियर्स को दिखाकर कहा कि इन सबको इंटर्नशिप के बाद ही प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल गया था। ऐसे में युवक एडमिशन लेकर खुशी-खुशी कॉलेज ये सोचकर गया कि अब वो पैसा और पहचान दोनों बनाएगा। हालांकि, पहले ही दिन क्लास की खिड़की से बाहर झांकते हुए जब उसे वही सीनियर्स बाहर खेत में मजदूरी करते दिखे, तब उसे पता चला कि सबकी प्लेसमेंट तो इन्हीं खेतों में होती है।
हालांकि,फ़ॉक्सी से बात करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल ने कहा, “ये सरासर झूठ है कि हमारे स्टूडेंट्स की नौकरी सिर्फ खेतों में लगती है। उनकी तो बाहर चाय की टपरी, मोमो के ठेले और यहां तक कि पंचर की दुकान पर भी लगी है।”
फिलहाल, युवक प्रोफेसर की जगह कॉलेज के माली से क्लास ले रहा है।




