बड़ी खबर आ रही है इसरो से जहाँ से कल चंद्रयान 3 की लैंडिंग लाइव दिखाई जाएगी। सॉफ्ट लैंडिंग करते ही चंद्रयान 3 सबसे पहले चाँद में पानी ढूँढेगा, अगर पानी मिल जाता है तो पृथ्वी से बस दूध और चायपत्ती ले जा कर चाँद पर भारतीयों का जीवन संभव हो जाएगा।
फ़ॉक्सी सूत्रों की माने तो” चाँद में पानी मिलने के कुछ महीने भर में भारत एक इंजीनियर्स की टीम को चाँद में भेजेगा जिसके लिये जल्द भर्ती शुरू होगी”।
फ़ॉक्सी से बात करते हुए एक इंजीनियरिंग युवक ने कहा “चाँद में पानी मिल गया तो दूध चायपत्ती और सुट्टा मैं ले जाऊँगा इससे ज़्यादा मुझे जीने के लिए कुछ नहीं चाहिए। और मैं सिविल इंजीनियर हूँ तो वहाँ गढ्ढा वगेरह भी खोद दूँगा”।
वहीं एक युवक ने चंद्रयान 3 मिशन पर ही सवाल उठा दिया और कहा कि “जब आधा देश बाढ़ के पानी में डूब रहा है तो चाँद में और पानी क्यों ढूँढना है”।
वहीं कुछ इंजीनियर्स को डर है कि चाँद में पानी मिल गया तो उन्हें वहाँ भी नहाना पड़ेगा।